लोरमी। जनपद पंचायत लोरमी के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत घानाघाट की सरपंच श्रीमती महतीन बाई (पति गोवर्धन गंधर्व) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ग्राम पंचायत के पंचों ने एकजुट होकर उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंचों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लोरमी एवं विहित प्राधिकारी पंचायत राज अधिनियम के समक्ष सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की सूचना दी है।
सरपंच पति पर काम कराने और पंचों से बहस का आरोप
पंचों द्वारा सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव के आवेदन में सरपंच पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आवेदन के अनुसार, सरपंच महतीन बाई स्वयं अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठापूर्वक नहीं कर रही हैं। वे अपने स्थान पर अपने पति गोवर्धन गंधर्व के माध्यम से पंचायत के कार्य कराती हैं। इतना ही नहीं, सरपंच पति द्वारा विकास कार्यों को लेकर आए दिन ग्राम पंचायत घानाघाट के पंचों से बहस और विवाद किया जाता है।
विकास कार्यों में रुचि नहीं, पंचों को नहीं मिलती बैठक की सूचना
प्रस्ताव में आरोप लगाया गया है कि सरपंच द्वारा न तो पंचों से कोई सलाह ली जाती है और न ही किसी विकास कार्य में ध्यान दिया जा रहा है। ग्राम सभा की बैठकों की सूचना भी पंचों को समय पर नहीं दी जाती है, जबकि इसकी पूरी जानकारी सरपंच द्वारा पहले ही अपने पति को दे दी जाती है।
ग्रामीण और पंच सभी असंतुष्ट
दस्तावेज़ के अनुसार, वर्तमान सरपंच का कार्य ग्राम पंचायत के विकास के लिए नहीं, बल्कि स्वयं के निजी हितों के लिए प्रतीत हो रहा है। सरपंच के इन रवैयों से ग्राम पंचायत घानाघाट के पंचगण और स्थानीय ग्रामवासी पूरी तरह से असंतुष्ट हैं। ग्रामीणों द्वारा भी सरपंच के कार्यों की लगातार आलोचना की जा रही है। पंचों का कहना है कि शासकीय योजनाओं और रोजगार मूलक कार्यों की ओर सरपंच का कोई ध्यान नहीं है और न ही योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी कोई रुचि है।
इन सभी गंभीर कारणों और आरोपों का हवाला देते हुए पंचों ने सरपंच महतीन बाई के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है। इस आवेदन पर 27 अगस्त 2026 को आधिकारिक तौर पर पावती (आवक नंबर) भी दर्ज की जा चुकी है, जिससे अब पंचायत की राजनीति में गर्माहट आने की पूरी संभावना है।

