रायपुर- छत्तीसगढ़ में ठंड की दस्तक के बीच एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने और 28 से 30 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि, आने वाले दिनों में चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। राजधानी रायपुर में 25 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। दिन में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
फिलहाल राजधानी में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, अगले दो दिनों के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश के किसी भी हिस्से में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान बेमेतरा में सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 25 अक्टूबर को भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
15 प्रतिशत धान की फसल कटने को तैयार, बारिश हुई तो हो जाएगी बर्बाद
क्षेत्र में 15 प्रतिशत के करीब धान कटने को तैयार है दीवाली के बाद किसान धान की कटाई प्रारंभ करने वाले है, लेकिन मौसम विभाग की बारिश की चेतावनी ने किसानों को डरा दिया है, अगर बारिश हुई तो धान की फसल बर्बाद हो जायेंगे।

