लोरमी विधानसभा क्षेत्र में चार नवीन धान खरीदी केंद्र स्वीकृत

Must Read

किसानों को धान बेचने में होगी सहूलियत

लोरमी -छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 एवं आगामी वर्षों के लिए प्रदेश में नवीन धान उपार्जन केंद्रों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी क्रम में स्थानीय विधायक एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव की अनुशंसा पर लोरमी विधानसभा क्षेत्र में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चार नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने की मंजूरी दी गई है।

स्वीकृत नवीन केंद्रों में लोरमी समिति अंतर्गत ग्राम झांझपुरी कला, बोड़तरा समिति अंतर्गत ग्राम पथरा, डिंडोरी समिति अंतर्गत ग्राम डोंगरीगढ़ तथा खुड़िया समिति अंतर्गत ग्राम जाकड़बांधा शामिल हैं। इन केंद्रों के प्रारंभ होने से संबंधित गांवों सहित आसपास के किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगा। इससे किसानों के समय, श्रम एवं परिवहन खर्च की बचत होगी और धान विक्रय की प्रक्रिया सुगम होगी। इसके लिए जनपद अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष राजेंद्र साहू, जिला पंचायत सदस्य समुंद सिंदराम, झांझपुरी सरपंच भुनेश्वरी साहू, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष खड़ानन कश्यप ने उपमुख्यमंत्री श्री साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह ने कहा कि नवीन धान खरीदी केंद्रों की स्वीकृति किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने में काफी सुविधा मिलेगी। जनपद उपाध्यक्ष राजेंद्र साहू ने कहा कि सरकार लगातार किसानों की सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। चार नए केंद्र खुलने से किसानों को धान खरीदी के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

जिला पंचायत सदस्य समुंद सिंदराम ने कहा कि नए धान खरीदी केंद्रों की स्वीकृति से दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के किसानों के लिए उपयोगी पहल बताया। वहीं झांझपुरी कला सरपंच भुनेश्वरी साहू ने कहा कि गांव में धान खरीदी केंद्र की सुविधा मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने शासन एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय किसानों के हित में है।

Latest News

आधा एकड़ जमीन हड़पने की रंजिश में की भाई और भाभी की हत्या

ग्राम नवलपुर में दंपती के अंधे कत्ल का पुलिस ने किया खुलासा लोरमी - एक बार फिर संपत्ति विवाद में...

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img