लोरमी – पारिवारिक एकजुटता, आपसी प्रेम, संस्कार और सनातन परंपराओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लोरमी के दुबे परिवार द्वारा 18 नवंबर को आंवला नवमी के पावन अवसर पर भव्य ‘कुटुंब मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास के विशेष सानिध्य में संपन्न हुए इस गरिमामय आयोजन में परिवार के वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित लगभग 200 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
विधि-विधान से पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे आंवला वृक्ष के नीचे विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात परिवार की महिलाओं द्वारा संगीतमय भजन, गायन और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया। दोपहर में सामूहिक महाभोज के उपरांत बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
राजीव लोचन दास ने दिया पारिवारिक एकता और समरसता का संदेश
लोरमी में आयोजित रामकथा में शामिल होने पहुंचे गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास ने विशेष रूप से दुबे परिवार के इस पारिवारिक समारोह में शिरकत की। उन्होंने आंवला वृक्ष का पूजन-अर्चन कर परिवार के सभी सदस्यों को आशीर्वचन दिए। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आज के दौर में ऐसे आयोजन परिवारों को जोड़े रखने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों व सनातन संस्कृति से परिचित कराने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी से पारिवारिक एकता, संस्कार और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।
2024 में स्व. लक्ष्मी नारायण दुबे की प्रेरणा से शुरू हुई थी परंपरा
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में परिवार के वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण दुबे की प्रेरणा से उनके पैतृक नगर लोरमी में आंवला नवमी पर प्रतिवर्ष कुटुंब मिलन की इस अनूठी परंपरा की शुरुआत की गई थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी वरिष्ठ सदस्य राकेश दुबे के कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था की गई।
समाज और राष्ट्र हित में सदैव तत्पर रहने का लिया संकल्प
समारोह के समापन अवसर पर परिवार के वरिष्ठ सदस्य राकेश दुबे, अशोक दुबे, प्रदीप दुबे, प्रमोद दुबे, प्रभात दुबे, रक्कू दुबे, राजू दुबे, भावेश दुबे सहित चंद्रिका मिश्रा एवं सत्यदेव मिश्रा ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने नई पीढ़ी को पारिवारिक संस्कारों से जोड़ने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर जोर दिया। अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने राजीव लोचन दास के सानिध्य में पारिवारिक परंपराओं को अक्षुण्ण रखते हुए संपूर्ण सनातन समाज की सेवा और उत्थान के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। उक्त जानकारी उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं परिवार के सदस्य अनुपम दुबे द्वारा दी गई।

