गुनापुर में संस्कृति और प्रकाश का संगम*सुवा गीत एवं दीप थाली सजाओ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

Must Read

छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंग में रंगा गुनापुर विद्यालय – बच्चों ने सजाए दीप, गाए सुवा गीत*

लोरमी –* दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला गुनापुर, संकुल केंद्र ढोलगी, विकासखंड लोरमी, जिला मुंगेली में सुवा गीत एवं दीप थाली सजाओ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर दीपों की जगमग रोशनी और बालिकाओं के पारंपरिक सुवा नृत्य से गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय के प्रधान पाठक रघुनाथ राठौर ने विद्यार्थियों को सुवा नृत्य के इतिहास और महत्व के बारे में बताया कि यह छत्तीसगढ़ का एक प्राचीन और प्रसिद्ध लोक नृत्य है, जो दीपावली पर्व पर महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा किया जाता है। इसमें बांस की टोकरी में धान या चावल रखकर उसमें मिट्टी का बना सुवा (तोता) रखा जाता है और उसी को लेकर गीत गाते हुए नृत्य किया जाता है।

उन्होंने कहा कि सुवा गीत में लोकजीवन की भावनाएं, संघर्ष, कठिनाइयां, प्रेम, विरह और धार्मिक मान्यताएं झलकती हैं। सुवा नृत्य छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का एक अमूल्य प्रतीक है और इसे संरक्षित करना व बढ़ावा देना हम सभी का कर्तव्य है।

शिक्षक लक्ष्मण कुमार कोलाम ने दीप की महत्ता बताते हुए कहा कि दीपावली में दीप जलाना प्रकाश और ज्ञान की जीत का प्रतीक है। दीप जलाने से हमारे जीवन में प्रकाश और ज्ञान की वृद्धि होती है और अंधकार व अज्ञानता का नाश होता है। जीवन में प्रकाश, प्रेम और सकारात्मकता का संचार होता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बालिकाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजकर सुवा गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। साथ ही छात्राओं ने रंगोली और दीप थाली सजाओ प्रतियोगिता में भी शानदार भागीदारी की। रंग-बिरंगे दीपों और रंगोलियों से विद्यालय परिसर दीपावलीमय हो गया।

दीप अंधकार को मिटाकर ज्ञान और आशा की रोशनी फैलाता है। जैसे एक छोटा सा दीप पूरे अंधेरे को दूर कर देता है, वैसे ही हमारे बच्चे अपनी रचनात्मकता से समाज को रोशन करेंगे। गुनापुर के नन्हें बच्चों ने फूल, पत्ते, रंग और दीप से अपनी थालियों को सजाकर अपनी कला और संस्कृति का सुंदर प्रदर्शन किया। हर थाली में मेहनत, हर दीप में उमंग और हर बच्चे के चेहरे पर खुशी झलक रही थी।

एसएमसी अध्यक्ष दीपक साहू ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली हर्ष और उल्लास का पर्व है, परंतु हमें पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने घरों, धार्मिक स्थलों तथा विद्यालय में दीप जलाकर खुशियों की रोशनी फैलाने के लिए प्रेरित किया।

दीप थाली सजाओ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार द्वारा कॉपी एवं पेंसिल पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को एक-एक पेंसिल दी गई।

कार्यक्रम में रसोइया कुमारी साहू, पूना बाई यादव, विद्यालय के सभी विद्यार्थी एवं ग्रामवासी श्रीमती बबीता यादव, भुरेलाल साहू, बैशाखू बैगा, पंच श्रीमती आशा आदि उपस्थित रहे।

अंत में विद्यालय परिवार ने सभी ग्रामवासियों तथा देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और यह संकल्प लिया कि हम सब मिलकर अपनी संस्कृति, परंपरा और पर्यावरण की रक्षा करेगे।

Latest News

लोरमी में दुबे परिवार का  आंवला नवमी कुटुंब मिलन समारोह संपन्न, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास का मिला सानिध्य

लोरमी - पारिवारिक एकजुटता, आपसी प्रेम, संस्कार और सनातन परंपराओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लोरमी के दुबे...

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img